Haryana PM Rally: 14 अप्रैल को हरियाणा के यमुनानगर जिले के गांव कैल (Kail) में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi Rally) की बड़ी रैली होनी है। इस रैली को लेकर पूरे जिले में हलचल तेज हो गई है। जहां एक ओर कार्यकर्ताओं में जोश है, वहीं दूसरी ओर जिला पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
भीड़भाड़ और ट्रैफिक जाम से बचने के लिए पुलिस ने पहले से ही रूट डायवर्ट (Route Divert) कर दिए हैं और अलग-अलग जिलों से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग (Parking) की विशेष व्यवस्था की है।
हर जिले के लिए तय हुआ रूट
जिला पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड (Alert Mode) पर है। रैली में हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं और आम लोगों के आने की उम्मीद है, ऐसे में किसी भी अव्यवस्था से बचने के लिए पहले ही रूट प्लानिंग कर दी गई है।
जिन जिलों से ज्यादा संख्या में वाहन आने वाले हैं, उनके लिए विशेष पार्किंग जोन बनाए गए हैं। साथ ही सभी संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की तैनाती कर दी गई है और गाड़ियों की गहनता से चेकिंग की जा रही है।
देखें पार्किंग का पूरा प्लान
कैथल, पेहोवा, इस्माइलाबाद, थानेसर, बाबैन और शाहाबाद से आने वाले वाहन अधोया व थाना छप्पर के रास्ते गांव कैल पहुंचेंगे। इन वाहनों को पार्किंग नंबर-2 (Parking No. 2) में पार्क किया जाएगा जो बाईं ओर स्थित है।
अंबाला और पंचकूला की ओर से आने वाले वाहन भी बाईं तरफ की पार्किंग नंबर-2 में पार्क होंगे। सभी रूट पर पुलिस का खास बंदोबस्त रहेगा।
पानीपत, करनाल और लाडवा से आने वाले वाहन रादौर की ओर से गांव कैल पहुंचेंगे। इन वाहनों के लिए पार्किंग नंबर-4 (Parking No. 4) तय की गई है जो बाईं ओर होगी।
पलवल, फरीदाबाद, सोनीपत और समालखा से आने वाले वाहन सिवाह (पानीपत), शामली, थानाभवन, सहारनपुर और सरसावा होते हुए यमुनानगर पहुंचेंगे। इनके लिए भी बाईं तरफ की पार्किंग नंबर-4 निर्धारित की गई है।
सहारनपुर, प्रतापनगर, छछरौली, व्यासपुर, नारायणगढ़, जगाधरी और यमुनानगर से आने वाले वाहन अपने वाहन दाहिनी तरफ की पार्किंग नंबर-3 (Parking No. 3) में खड़ी करेंगे।
ये वाहन ही जाएंगे कार्यक्रम स्थल तक
रैली स्थल तक सिर्फ अधिकृत रैली वाहन (Authorized Rally Vehicles) ही जा सकेंगे। ये वाहन औरंगाबाद बाइपास और हरनौल चौक होते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे। आम वाहनों को इससे आगे जाने की अनुमति नहीं होगी। सुरक्षा कारणों से इस निर्णय को लिया गया है।
रैली के चलते कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया गया है ताकि जाम की स्थिति न बने और यातायात सुचारू रूप से चलता रहे।
सहारनपुर की ओर से अंबाला-पंचकूला की ओर जाने वाले वाहन अब औरंगाबाद बाइपास, हरनौल, खेड़ी लक्खा सिंह, सरस्वती नगर और थाना छप्पर होते हुए दोसड़का की ओर जाएंगे।
पांवटा साहिब, प्रतापनगर, छछरौली से अंबाला जाने वाले वाहन अब बिलासपुर, सरावां और पाबनी के रास्ते से भेजे जाएंगे।
उत्तर प्रदेश, कुरुक्षेत्र और करनाल की ओर जाने वाले वाहन जगाधरी अग्रसेन चौक से होते हुए कैत टी-प्वाइंट, थर्मल और पांसरा फाटक से होते हुए कलानौर की ओर भेजे जाएंगे।
फरीदाबाद, पानीपत, सोनीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र और लाडवा से यमुनानगर आने वाले भारी वाहन (Heavy Vehicles) को लाडवा से पहले ही डायवर्ट कर दिया जाएगा।
ड्रोन और CCTV से निगरानी
पुलिस सिर्फ सड़कों पर ही नहीं, बल्कि आसमान से भी नजर रखेगी। रैली स्थल के आसपास ड्रोन कैमरों (Drone Surveillance) से निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही जगह-जगह CCTV कैमरे लगाए गए हैं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई के आदेश जारी किए गए हैं।












