Haryana Nirvah Bhatta Yojana: हरियाणा सरकार द्वारा NCR क्षेत्र में निर्माण गतिविधियों के बंद होने से प्रभावित पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को निर्माण कार्य बंद रहने तक हरियाणा भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा 434 रुपये प्रतिदिन की आर्थिक सहायता (निर्वाह भत्ता) प्रदान की जा रही है। डीसी अभिषेक मीणा ने जिला में प्रभावित श्रमिकों को इस योजना का लाभ उठाने के लिए अपना पंजीकरण करवाने का आह्वान किया।
डीसी अभिषेक मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि सरकार सभी श्रमिकों के लिए एक उदार और व्यापक सामाजिक सुरक्षा तंत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि निर्माण श्रमिकों के लिए निर्वाह भत्ता योजना हरियाणा सरकार द्वारा चलाई गई है।
योजना के तहत निर्माण गतिविधियों से जुड़े श्रमिक जिनका वायु प्रदूषण के कारण निर्माण गतिविधियों के बंद होने से रोज़गार प्रभावित हुआ है के लिए है। उन्होंने बताया कि प्रभावित पंजीकृत निर्माण श्रमिक योजना का लाभ लेने के लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.hrylabour.gov.in पर या नज़दीकी हेल्पडैस्क पर आवेदन करा सकते हैं। इसके अलावा अधिक जानकारी के लिए श्रमिक सहायता सेवा हेल्पलाइन नंबर : 1800-180-2129 पर संपर्क कर सकते हैं।
डीसी ने बताया कि जिला में रहने वाले ऐसे श्रमिक पंजीकरण के लिए 329-एल, ऊर्जा पार्क के सामने, गुरु चौक, मॉडल टाउन, रेवाड़ी में जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड, हरियाणा द्वारा निर्वाह भत्ता प्रभावित श्रमिकों के आधार से जुड़े बैंक खाते में डी.बी.टी. के माध्यम से वितरित किया जाएगा।






