Haryana: ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि अम्बाला छावनी सिविल अस्पताल में 100 बेड की नई बिल्डिंग का निर्माण तेजी से चल रहा है और इसका निर्माण जल्द पूरा होने की उम्मीद है। इस नई बिल्डिंग में मुख्य रूप से क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) संचालित होगी, जिससे मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा। इसके साथ ही कैंसर अस्पताल में पेट स्कैन का कार्य भी शीघ्र शुरू होगा।
ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य समय पर पूरा हो ताकि मरीज इसका लाभ उठा सकें। इस परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 14.79 करोड़ रुपए है। निरीक्षण के दौरान पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन रितेश अग्रवाल, सीएमओ डा. राकेश सहल, पीएमओ डा. पूजा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
नई बिल्डिंग का जल्द होगा कार्य पूरा
नई बिल्डिंग के बनने के बाद अस्पताल की कुल क्षमता 200 बेड हो जाएगी। मौजूदा समय में सिविल अस्पताल में केवल 100 बेड हैं, लेकिन बढ़ती मरीज संख्या को देखते हुए अतिरिक्त 100 बेड की जरूरत थी।
नई सात मंजिला बिल्डिंग में दो बेसमेंट फ्लोर होंगे, जिनमें वाहन पार्किंग के साथ एसी और गैस प्लांट की व्यवस्था की गई है। ग्राउंड फ्लोर पर रजिस्ट्रेशन, रिसेप्शन, इमरजेंसी सेवा और अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। पहली मंजिल पर इमरजेंसी वार्ड बनाया जाएगा, जबकि दूसरी मंजिल में आईसीयू और तीसरी व चौथी मंजिल पर सुपर स्पेशलिस्ट ओटी तथा वार्ड होंगे। बिल्डिंग का डिज़ाइन इस प्रकार है कि मरीजों को संक्रमण का खतरा न हो।
CCU मे मिलेगी आपातकालीन इलाज की सुविधा
क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) में मरीजों की निगरानी, जरूरी उपकरण, दवाओं की व्यवस्था और आपातकालीन इलाज की सुविधा रहेगी। यहां दिल की धड़कन, रक्तचाप और अन्य महत्वपूर्ण संकेतों पर सतत नजर रखी जाएगी। कोविड और अन्य गंभीर बीमारियों के लिए अलग वार्ड भी होंगे।








