Haryana CET 2025: हरियाणा राज्य परिवहन द्वारा आगामी CET परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों के लिए विशेष परिवहन व्यवस्था की गई है। हरियाणा सरकार ने जिला स्तरीय बस अड्डे से परीक्षा केंद्रों तक अभ्यर्थियों को पहुंचाने और वापस लाने के लिए महाप्रबंधक को निर्देश दिए हैं। इसके तहत निशुल्क बस सेवा का आयोजन किया जाएगा, ताकि परीक्षा में सम्मिलित होने वाले उम्मीदवारों को यात्रा के लिए कोई परेशानी न हो।
महिला अभ्यर्थियों को अतिरिक्त सुविधा
इस व्यवस्था के तहत महिला अभ्यर्थियों के साथ एक पारिवारिक सदस्य को भी सहायक के रूप में फ्री यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी। परीक्षा केंद्र तक यात्रा सुबह के सत्र के लिए, अभ्यर्थियों को 7:30 बजे तक बसों के जरिए परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। शाम के सत्र के लिए, अभ्यर्थियों को 12:30 बजे तक बसों में बैठाकर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने की व्यवस्था होगी।
शटल बस सेवा की भी सुविधा
इसके अतिरिक्त, अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा केंद्रों के निकटतम प्वाइंट तक फ्री शटल बस सेवा का संचालन भी किया जाएगा। इस सेवा के लिए लगभग 9000 साधारण बसों का प्रयोग किया जाएगा, जिससे अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक आसानी से पहुंचने की सुविधा मिलेगी।
आगामी सीट बुकिंग की प्रक्रिया
अभ्यर्थी हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए लिंक https://hartrans.gov.in/advance-booking-for-cet-2025/ पर जाकर अपनी व्यक्तिगत जानकारी भरकर अग्रिम सीट बुकिंग कर सकते हैं।
26 और 27 जुलाई को होने वाली CET परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों के परिवहन के लिए बड़ी संख्या में बसों की व्यवस्था की जाएगी। इन दो दिनों में सामान्य यात्री के लिए परिवहन सुविधा सीमित हो सकती है। सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे इन दो दिनों में केवल विशेष या जरूरी कार्यों के लिए ही यात्रा करें, ताकि परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को कोई परेशानी न हो।






