Fraud Alert: पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस ने जिला वासियों को साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए तरीकों के प्रति सतर्क रहने की अपील की है। वर्तमान में साइबर ठग आमजन को विभिन्न प्रकार के लालच, डर एवं फर्जी पहचान के माध्यम से अपने जाल में फंसाकर आर्थिक ठगी कर रहे हैं।
वर्तमान में प्रचलित प्रमुख साइबर फ्रॉड
- डिजिटल अरेस्ट फ्रॉड
साइबर अपराधी स्वयं को सीबीआई, पुलिस, ईडी, कस्टम अधिकारी या अन्य सरकारी एजेंसी का अधिकारी बताकर वीडियो कॉल करते हैं और किसी फर्जी केस में गिरफ्तारी का डर दिखाकर पैसे ऐंठते हैं।
- फर्जी निवेश (इन्वेस्टमेंट) स्कीम
व्हाट्सएप, टेलीग्राम या सोशल मीडिया पर कम समय में अधिक मुनाफे का लालच देकर निवेश करवाया जाता है और बाद में पूरी राशि हड़प ली जाती है।
- पार्ट टाइम जॉब एवं टास्क फ्रॉड
घर बैठे कमाई का झांसा देकर छोटे-छोटे टास्क पूरे करवाए जाते हैं। शुरुआत में कुछ पैसे देकर विश्वास जीता जाता है, बाद में बड़ी रकम जमा करवाकर ठगी की जाती है।
- केवाईसी अपडेट एवं बैंक अकाउंट ब्लॉक होने का झांसा
फर्जी लिंक भेजकर बैंक खाते, आधार, पैन या केवाईसी अपडेट करने के नाम पर व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी चुराई जाती है।
- सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग
दोस्त, रिश्तेदार या परिचित के नाम से फर्जी मैसेज भेजकर पैसे मांगे जाते हैं। पैसे भेजने से पहले संबंधित व्यक्ति से फोन पर पुष्टि अवश्य करें।
- ओएलएक्स/ऑनलाइन खरीद-बिक्री फ्रॉड
सस्ते सामान या वाहन बेचने का लालच देकर एडवांस राशि मंगवाई जाती है। बिना सत्यापन के कोई भुगतान न करें।
- स्क्रीन शेयरिंग ऐप फ्रॉड
AnyDesk, TeamViewer, QuickSupport जैसी ऐप डाउनलोड करवाकर मोबाइल या बैंक खाते की जानकारी हासिल की जाती है।
साइबर सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां
️ किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें।
️ ओटीपी, बैंक विवरण, यूपीआई पिन, सीवीवी या पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें।
️ वीडियो कॉल पर किसी भी सरकारी एजेंसी द्वारा पैसे मांगने पर विश्वास न करें।
️ सोशल मीडिया पर दिख रहे निवेश एवं नौकरी के आकर्षक ऑफरों से सावधान रहें।
️ मोबाइल एवं बैंकिंग ऐप्स में टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का प्रयोग करें।
️ किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश पर तुरंत सतर्क हो जाएं।
साइबर ठगी होने पर क्या करें
यदि आपके साथ साइबर ठगी हो जाती है तो बिना समय गंवाए तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाएं अथवा www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत करें। शीघ्र शिकायत करने से ठगी गई राशि को बचाने की संभावना बढ़ जाती है।
एसपी रेवाड़ी की अपील
“साइबर अपराधियों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय जागरूकता और सतर्कता है। किसी भी प्रकार के लालच, भय या दबाव में आकर अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी साझा न करें। सुरक्षित रहें, जागरूक रहें और दूसरों को भी जागरूक करें।”


