हरियाणा के करनाल से बड़ी खबर सामने आ रही है। नगर निगम में कांग्रेस की महिला उम्मीदवार के पति विकास कंबोज को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। बताया जा रहा है कि उनकी गिरफ्तारी किसी पुराने चेक बाउंस के मामले में हुई है। वह टिकट न मिलने पर बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे। इसके बाद महिलाओं के लिए रिजर्व वार्ड 2 से कंबोज की पत्नी आरती कंबोज को टिकट दे दिया था।
जानकारी के मुताबिक, विकास की पत्नी ने बताया कि शनिवार सुबह सेक्टर 32 और 33 थाना के एक महिला और एक पुलिस कर्मी उनके घर पर पहुंचे थे। उस समय विकास घर पर नहीं थे। इसलिए पुलिस कर्मी ने उन्हें कहा कि 1 घंटे के अंदर विकास को थाने में लेकर पहुंच जाना। गिरफ्तारी की बात सुनकर कांग्रेस से मेयर प्रत्याशी मनोज वधवा, पूर्व विधायक राकेश कंबोज और अन्य नेता विकास कंबोज के घर पर पहुंच गए थे। जब वह विकास को थाने में लेकर पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें अरेस्ट कर लिया।
वहीं विकास कंबोज का आरोप है कि बीजेपी के लोग उनपर जानबूझ कर दबाव बना रहे हैं। जब से वह कांग्रेस में शामिल हुए हैं, तब से उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है। सुबह भी आज भी कुछ लोग उन पर दबाव बनाने के लिए आए थे। उसके बाद जब वह घर पर नहीं थे तो पुलिस उनके घर गई और उन्हें डराने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि SP ऑफिस से भी कॉल करवाया गया था और आईजी ऑफिस से भी अलग से फोन आया था।






