Rewari News: डा. करनी सिंह शूटिंग रेंज नई दिल्ली में एशियन राइफल/शूटिंग चैंपियनशिप-2026 (Asian Shooting Championship 2026 ) में रेवाड़ी जिले के पी एम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रेवाड़ी की बारहवीं कक्षा की छात्रा चहक यादव ने 10 मीटर ऐयर पिस्टल यूथ महिला वर्ग में 600 में से 574 अंक हांसिल कर रजत पदक और भारतीय टीम की प्रतिभागी के रूप में स्वर्ण पदक हासिल किया है। इस उपलब्धि से चहक यादव ने ना केवल अपने जिला रेवाड़ी अपितु हरियाणा व देश का नाम रोशन किया है। चहक यादव हरियाणा पुलिस में हवलदार के पद पर कार्यरत सुनील कुमार की पुत्री है।
डा. करनी सिंह शूटिंग रेंज नई दिल्ली में आयोजित एशियन राइफल/शूटिंग चैंपियनशिप-2026 (Asian Shooting Championship 2026 ) में एशिया महाद्वीप के 20 देशों के लगभग 300 खिलाड़ियों ने अलग-अलग वर्गों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। यह जानकारी चहक यादव के कोच रमन राव ने दी। उन्होंने बताया कि चहक यादव बारह वर्ष की आयु से उनकी शूटिंग स्पोर्ट्स अकेडमी में शूटिंग का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही है।
रमन राव ने बताया कि उनकी अकेडमी के खिलाड़ी प्रियांशु यादव ने एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में अपने वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था और 62 वर्षीय गृहणी सुषमा यादव ने राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था। चहक यादव ने भी अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने कोच रमन राव, अपने पिता सुनील कुमार व अपनी अकैडमी के साथी खिलाड़ियों को दिया है। उनके कोच रमन राव, साथी खिलाड़ियों, पिता सुनील कुमार, सुषमा यादव और उनके विद्यालय के अध्यापकों ने इस उपलब्धि पर चहक को बधाइयां दी और उनके उज्व्वल भविष्य की कामना की।

शहर के सेक्टर-4 स्थित राव शूटिंग एकेडमी में प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शूटिंग चैंपियनशिप में पदक जीतकर देश व क्षेत्र का नाम रोशन करने वाली खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विधायक लक्ष्मण सिंह यादव मुख्य अतिथि रहे। समारोह में एशियाई सिल्वर व गोल्ड मेडलिस्ट चहक यादव, नेशनल गोल्ड मेडलिस्ट सुषमा यादव तथा नेशनल गोल्ड व सिल्वर मेडलिस्ट सिध्या सिंह को सम्मानित किया गया।








