Rewari: रेवाड़ी पुलिस द्वारा जिले में अनाधिकृत रूप से रह रहे रोहिंग्या व बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान के लिए एक विशेष सर्च अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस के मार्गदर्शन एवं डीएसपी हेडक्वार्टर डॉ. रविन्द्र सिंह के सुपरविजन में संचालित किया गया।
स्पेशल सेल इंचार्ज निरीक्षक रविन्द्र सिंह के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस व SWAT टीम ने बुधवार को थाना जाटूसाना, सदर और रोहड़ाई क्षेत्र में संयुक्त रूप से कार्रवाई की। अभियान के दौरान ईंट-भट्टों सहित झुग्गी-झोपड़ियों, होटल, पोल्ट्री फार्म तथा अन्य संदिग्ध स्थानों पर गहन जांच की गई।
जिला पुलिस टीम ने इन स्थानों पर रह रहे बाहरी श्रमिकों की जानकारी एकत्र की तथा उनके पहचान पत्रों की जांच की। इस दौरान अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी, विदेशी नागरिकों, रोहिंग्या एवं अन्य संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई। साथ ही अभियान के अंतर्गत वाहनों के कागजातों की भी जांच की गई।
पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि जिले में अनाधिकृत रूप से किसी को भी रहने की अनुमति नहीं है। बाहरी लोगों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए जिला पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जो भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा। सुरक्षा की दृष्टि से यह कदम अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि सभी थाना प्रबंधकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्र में सरकार द्वारा जारी आदेशों के अनुसार अप्रवासी रोहिंग्या व बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान कर उन्हें वापस भेजने की प्रक्रिया अमल में लाएं।
पुलिस अधीक्षक की रेवाड़ी वासियों से अपील
पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने जिले के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि अपने यहां काम करने वाले या किराए पर रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति की पुलिस वेरिफिकेशन अवश्य कराएं। ऐसा न करने की स्थिति में संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। उन्होंने कहा कि यह कदम जिले की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए उठाया गया है।








