Rewari: पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी हेमेंद्र कुमार मीणा के कुशल मार्गदर्शन में कार्य करते हुए थाना शहर रेवाड़ी पुलिस ने मंगलवार की रात मोहल्ला अर्जुन नगर में एक महिला व उसके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करने व महिला पर फायरिंग करके जानलेवा हमला करने के मामले में मुख्य आरोपी सहित दो आरोपियों को चंद घंटो में ही गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान मोहल्ला अर्जुन नगर रेवाड़ी निवासी समर्पित व राहुल के रूप में हुई है।
जांचकर्ता ने बताया कि गत 9/10 दिसम्बर की रात को मोहल्ला विजय नगर रेवाड़ी निवासी लक्ष्मी देवी ने अपनी शिकायत में बताया था कि वह अपने परिवार के साथ मोहल्ला अर्जुन नगर रेवाड़ी में किराए के मकान में रहती है। मंगलवार की रात को वह, अपने बेटे प्रियांशु व दरभंगा निवासी मोहित के साथ अपने मकान के बाहर बैठी हुई थी। मोहित भी उनके साथ किराए के कमरे में रहता है। वह तीनों मकान के बाहर बैठ कर आपस में हंसी मजाक कर रहे थे। इसी दौरान उनके पड़ोस में रहने वाला समर्पित वहां आ गया। महिला का आरोप है कि समर्पित ने वहां आकर तीनों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
जो वहां से गुजर रहे कुछ लोगों ने उनका बीच बचाव करवा दिया। महिला ने आरोप लगाया कि कुछ देर बाद समर्पित अपने चार-पांच साथियों के साथ बाइकों पर आया। उसने वहां आते ही उस पर दो फायर कर दिए। वह गोली लगने से बाल-बाल बच गई। इसके बाद धमकी देकर आरोपी वहां से भाग गए।
जिस पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना शहर रेवाड़ी हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज करके मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए मामले में संलिप्त मुख्य आरोपी मोहल्ला अर्जुन नगर रेवाड़ी निवासी समर्पित व राहुल को वारदात के कुछ ही घंटो के अन्दर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों को कल पेश अदालत किया जाएगा। पुलिस द्वारा इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द की जाएगी। वारदात से जुड़े किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
जांचकर्ता ने बताया की आरोपी समर्पित के खिलाफ पहले भी थाना शहर रेवाड़ी में हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट का एक मामला दर्ज है। इसी प्रकार आरोपी राहुल के खिलाफ भी पहले थाना माडल टाऊन रेवाड़ी में आर्म्स एक्ट का एक मामला दर्ज है।






