Pension: हरियाणा सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर नई पहल कर रही है। इसी दिशा में मुख्यमंत्री नायब सैनी द्वारा शुरू की गई दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव लाने जा रही है। इस योजना के तहत रेवाड़ी जिले की कुल 67,688 महिलाएं पेंशन का लाभ प्राप्त करेंगी।
परिवार पहचान प्राधिकरण, हरियाणा के स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला ने जानकारी दी कि जिले में प्रथम चरण में पात्र महिलाओं की पहचान पूरी कर ली गई है। इनमें से 7,912 अविवाहित महिलाएं (23-45 वर्ष आयु वर्ग) और 59,776 विवाहित महिलाएं (23-60 वर्ष आयु वर्ग) शामिल हैं।
डॉ. खोला ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सैनी ने यह योजना कई चरणों में लागू करने की घोषणा की है। अगले चरणों में अन्य आयु वर्ग की महिलाओं को भी शामिल किया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र महिला इससे वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक आत्मनिर्भरता और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है। पेंशन से महिलाओं को पारिवारिक जिम्मेदारियों को निभाने में सहयोग मिलेगा और वे अपने जीवन स्तर को बेहतर बना सकेंगी।
परिवार पहचान प्राधिकरण (PPP) डेटा के आधार पर लाभार्थियों की पहचान की जा रही है, जिससे योजनाओं का क्रियान्वयन पूर्ण पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित हो रहा है।
रेवाड़ी कार्यालय में बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने मुख्यमंत्री नायब सैनी का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह योजना महिलाओं के लिए आर्थिक संबल बनने के साथ-साथ उनकी सामाजिक स्थिति को भी मजबूत करेगी।
डॉ. खोला ने कहा कि प्रदेश सरकार महिला कल्याण और सशक्तिकरण के लिए वचनबद्ध है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं के जरिए लाखों महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं। दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना हरियाणा की महिलाओं को सम्मान, आत्मनिर्भरता और सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।








