Haryana Crime News: हरियाणा के रोहतक से बड़ी खबर आ रही है। यहां सांपला बस स्टैंड की दीवार के पास से शनिवार को एक संदिग्ध सूटकेस मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने इस सूटकेस के अंदर से 22 वर्षीय महिला का शव बरामद किया है।
पुलिस को शक है कि महिला की गला घोंटकर हत्या की गई है। इसके बाद उसके शव को सूटकेस में बंद कर बस स्टैंड के पास फेंक दिया गया है।
बताया जा रहा है कि शनिवार को किसी राहगीर ने बस स्टैंड की दीवार के पास एक काले रंग के सूटकेस को देखा था और उसकी संदिग्ध स्थिति को देखते हुए तुरंत पुलिस को मामले की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सूटकेस को कब्जे में लेकर जब खोला गया तो उसमें से एक महिला का शव मिला।
मौके पर बुलाई गई एफएसएल की टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर एफएसएल की टीम को बुलाया है। जिसने सबूतों को इकट्ठा कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मृतका की उम्र लगभग 22 साल बताई जा रही है, लेकिन अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
वहीं पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि, उस शख्स का पता लगाया जा सके, जो सूटकेस को यहां छोड़कर गया है।





