Rewari Accident News: जिले के लुखी बस स्टैंड के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में 23 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान मनीषा के रूप में हुई है, जो अपने पति और तीन बच्चों के साथ लुखी गांव के निकट स्थित एक डेरे में रहती थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के बांस भादरा गांव निवासी प्रेमनाथ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी पत्नी मनीषा मंगलवार रात सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान कोसली की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रेमनाथ मौके पर पहुंचा और राहगीरों की मदद से गंभीर रूप से घायल मनीषा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नाहड़ पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे रेवाड़ी रेफर कर दिया।रेवाड़ी ट्रॉमा सेंटर में उपचार के लिए पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद मनीषा को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर कोसली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतका के पति प्रेमनाथ की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी हुई है।






