NH-352: रेवाड़ी के लोगों के लिए अच्छी खबर है। राष्ट्रीय राजमार्ग NH-352 पर लंबे समय से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की समस्या अब जल्द खत्म होने वाली है। करीब दो वर्षों तक लगातार किए गए प्रयासों के बाद ₹5.35 करोड़ की लागत से 484 नई LED स्ट्रीट लाइटें लगाने की परियोजना को मंजूरी मिल गई है। इतना ही नहीं, इस काम का टेंडर भी जारी कर दिया गया है और जल्द निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
यह पहल गांव डूंगरवास (वर्तमान कंकरवाली) निवासी युवा समाजसेवी विवेक भाटोटिया द्वारा लगातार उठाई गई मांग का परिणाम है। उन्होंने पिछले दो वर्षों में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के समक्ष कई बार पत्राचार कर इस जनहित के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया।
गुरावड़ा से NH-48 जंक्शन तक बदलेगी तस्वीर

परियोजना कार्यान्वयन इकाई (PIU), सोनीपत के अनुसार गुरावड़ा से बांबड़ स्थित NH-48 जंक्शन तक वर्षों पुरानी और खराब हो चुकी हैलोजन स्ट्रीट लाइटों को हटाकर नई ऊर्जा दक्ष LED स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इस परियोजना का टेंडर मेसर्स मॉर्फिंग इनोवेशन्स प्राइवेट लिमिटेड को दिया गया है।
484 पोल और हाई मास्ट लाइटें भी लगेंगी
परियोजना के तहत 484 नए बिजली के पोल, आधुनिक LED स्ट्रीट लाइटें और हाई मास्ट लाइटें स्थापित की जाएंगी। इससे रात के समय इस मार्ग पर सफर करने वाले हजारों वाहन चालकों को बेहतर रोशनी मिलेगी और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।
गंगायचा टोल प्लाजा भी रहता है अंधेरे में
विवेक भाटोटिया ने बताया कि रेवाड़ी जिले की सीमा में NH-352 पर अधिकांश स्ट्रीट लाइटें कई वर्षों से खराब पड़ी हैं। गंगायचा टोल प्लाजा के आसपास भी रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं रहती, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। लंबे समय से इस मार्ग पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था की मांग की जा रही थी।
सड़क सुरक्षा को मिलेगा बड़ा लाभ
नई LED स्ट्रीट लाइटें लगने के बाद पूरे मार्ग पर रात के समय दृश्यता बेहतर होगी। इससे सड़क सुरक्षा मजबूत होगी, दुर्घटनाओं का जोखिम कम होगा और आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों के साथ-साथ हजारों यात्रियों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
विवेक भाटोटिया ने परियोजना को मंजूरी देने पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल एक विकास कार्य नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि निर्धारित समय के भीतर कार्य पूरा होने के बाद NH-352 पूरी तरह रोशनी से जगमगा उठेगा।







