HSSC Bharti: हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) की परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। आयोग ने विज्ञापन संख्या 03/2026 के तहत निकाली गई ग्रुप C भर्तियों में बड़ा संशोधन करते हुए कई पदों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी कर दी है। इसके साथ ही ऑनलाइन आवेदन की तारीख में भी बदलाव किया गया है।
अब उम्मीदवार 6 फरवरी 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। पहले यह प्रक्रिया 2 फरवरी से शुरू होनी थी।
अलग-अलग कैटेगरी में बढ़े पद
HSSC द्वारा जारी संशोधित विज्ञापन के अनुसार ग्रुप-2 के अंतर्गत स्टेनो टाइपिस्ट के पद पहले 486 अब 586, ग्रुप-3 के अंतर्गत स्टेनो टाइपिस्ट के पद पहले 696 अब 702, ग्रुप-3 के अंतर्गत जूनियर स्केल स्टेनोग्राफर के पद पहले 173 अब 260 हैं।
इस भर्ती प्रक्रिया में सबसे बड़ा बदलाव ग्रुप-3 के जूनियर स्केल स्टेनोग्राफर पदों में देखने को मिला है, जहां पदों की संख्या में 87 की बढ़ोतरी की गई है।
आवेदन तिथि में भी बदलाव
आयोग ने आवेदन प्रक्रिया की तारीख को आगे बढ़ाते हुए स्पष्ट किया है कि अब ऑनलाइन आवेदन 6 फरवरी 2026 से शुरू होंगे। उम्मीदवारों को अतिरिक्त समय मिलने से तैयारी और आवेदन में सुविधा होगी।
आयोग की अभ्यर्थियों से अपील
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने सभी उम्मीदवारों से अपील की है कि आवेदन करने से पहले संशोधित विज्ञापन और दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचा जा सके।
भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी, संशोधित पद संख्या और आधिकारिक नोटिस आयोग की वेबसाइट hssc.gov.in पर उपलब्ध है।








