Haryana News: हरियाणा के पलवल के अलावलपुर गांव में युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मोहित उर्फ मोनू के रूप में हुई है। मोहित फरीदाबाद में गाड़ी चलाने का काम करता था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक घटना उस समय हुई जब मोहित फरीदाबाद जाने के लिए गांव के बस स्टैंड पर खड़ा था। इसी दौरान बाइक पर सवार 2 युवक आए और मोहित पर गोली चला दी। घटना को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए।
आरोपियों में से एक गांव का युवक
मृतक के चाचा वेदपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि हमलावरों में से एक को उन्होंने पहचान लिया है वह गांव का रहने वाला अवकाश उर्फ अक्कू है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले आरोपियों ने मोहित को जान से मारने की धमकी दी थी।
7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
चांदहट थाना पुलिस ने मामले में 7 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया। आरोपियों में रनसिंह, आजाद उर्फ अज्जू, अवकाश उर्फ अक्कू, करन, चरन सिंह, चरन सिंह की पत्नी धरमबती और जतिन शामिल हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस का बयान
चांदहट थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि उन्हें सुबह अलावलपुर गांव में युवक की हत्या की सूचना मिली। वह तुरंत मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरु कर दी। पुलिस ने महिला समेत 7 लोगों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश करनी शुरु कर दी है।








